देहरादून। सहसपुर क्षेत्र में एक गर्भवती महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। महिला के पिता ने उसके पति पर गर्भ में पल रहे बच्चे का लिंग परीक्षण कराने का दबाव बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के जस्सोवाला निवासी बबलू पर आरोप है कि वह अपनी गर्भवती पत्नी पर लिंग परीक्षण कराने का दबाव बना रहा था। शिकायत में कहा गया है कि पहले से दो बेटियां होने के कारण आरोपी पुत्र की इच्छा रखता था और इसी वजह से पत्नी पर मानसिक व शारीरिक दबाव बना रहा था।
महिला के पिता शेर सिंह, निवासी बालूवाला, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी द्वारा लिंग परीक्षण कराने से इनकार करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि 8 जून को आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और उसे करंट लगाकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर भेजा गया। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। शिकायत के अनुसार अस्पताल में चिकित्सकों ने गर्भस्थ शिशु की मौत होने की जानकारी दी।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित महिला का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।
