पौड़ी। कोट ब्लॉक के वाड़ी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। घास लेने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया…जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार वाड़ी गांव निवासी 59 वर्षीय प्रभा देवी पत्नी मातबर सिंह दोपहर के समय अपने पुराने मकान के पास घास लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुलदार महिला को घसीटकर पास स्थित एक खंडहर मकान तक ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
गढ़वाल वन प्रभाग के अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद गुलदार लगातार घटनास्थल के आसपास घूम रहा था…जिससे अन्य लोगों पर हमले का खतरा बना हुआ था। वन विभाग की टीम और शूटरों ने पहले उसे बेहोश करने का प्रयास किया…लेकिन स्थिति को देखते हुए बाद में उसे मार गिराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं।
सात महीनों में कई जानें गईं
गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज में पिछले कुछ महीनों के दौरान गुलदार के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए खतरा बढ़ने से दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
फिलहाल गांव में वन विभाग की टीम निगरानी कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
