ख़बर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में पुलिस अधोसंरचना, आपदा राहत और विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन फैसलों से पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी…आपदा प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के पुलिस लाइन रोशनाबाद में टाइप-II के 120 आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 42.47 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। वहीं ऋषिकेश में पुराने और जर्जर पुलिस आवासों को हटाकर नए आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 17.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  सरकार की टेंशन ... चार हजार अतिक्रमणकारियों पर बेदखली का बना खतरा...

इसके अलावा देहरादून जिला कारागार में अतिरिक्त बैरकों के निर्माण के लिए 59.78 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पुलिस विभाग के विभिन्न अधिष्ठानों के लिए भी चालू वित्तीय वर्ष में 27.60 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है।

उत्तरकाशी जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित नौ परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता प्रदान की गई है। किराये के मकानों में रह रहे इन परिवारों को छह माह तक 4 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से किराया सहायता दी जाएगी।

अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में 10 हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए 29.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये की योजनाओं को मंजूरी देते हुए पहली किस्त जारी की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  शिक्षक की करतूत का चौंकाने वाला सच! जंगल से मिले अहम साक्ष्य, जांच में हो रहे बड़े खुलासे

मुख्यमंत्री ने राजस्थान के तीर्थराज पुष्कर स्थित उत्तराखंड आश्रम और धर्मशाला में सुविधाओं के विस्तार के लिए 50 लाख रुपये का अनुदान भी मंजूर किया है। इस राशि से जेनसेट, पेयजल व्यवस्था और सोलर पैनल जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और आम जनता के साथ-साथ पुलिस कर्मियों तथा आपदा प्रभावित परिवारों को भी सीधा लाभ मिलेगा।