ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। बैठक में मतदाता गणना फार्म वितरण की प्रगति का आकलन किया गया और अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में गणना फार्म वितरण की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इन जिलों के अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल टाइम्स :: सोसायटी फॉर माउंटेन डेवलपमेंट एंड कंजर्वेशन एसएमडीसी द्वारा किया गया पौधारोपण

वहीं चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों की सराहना की गई…जहां सबसे अधिक संख्या में गणना फार्म वितरित किए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया कि इन जिलों के कार्यों से सीख लेकर अन्य क्षेत्रों में भी अभियान को गति दी जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शहरी क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आवासीय कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाई जाए। साथ ही बीएलओ, आईटी वालंटियर्स और बूथ अवेयरनेस ग्रुप की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि अभियान के तीसरे दिन तक प्रदेश में 19 लाख से अधिक मतदाताओं को गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। यह राज्य के कुल मतदाताओं का लगभग 24 प्रतिशत है।

यह भी पढ़ें 👉  बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा ने फतह किया माउंट एवरेस्ट, थारू समाज के पहले एवरेस्ट विजेता बने

निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि सभी पात्र मतदाताओं तक समयबद्ध तरीके से पहुंच बनाकर मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जाए।