देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में नीति आयोग की टीम से मुलाकात की…टीम का नेतृत्व नीति आयोग के सदस्य प्रो. एम. श्रीनिवास ने किया। बैठक में उत्तराखंड के समग्र और सतत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति और जरूरतों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य में हर साल स्थायी आबादी से कई गुना अधिक श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इससे स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई, परिवहन और अन्य बुनियादी सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है…इसलिए योजनाएं बनाते समय इस फ्लोटिंग आबादी को भी ध्यान में रखा जाना जरूरी है।
सीएम धामी ने स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।
बैठक में महिला सशक्तीकरण, बाल विकास, कुपोषण और महिलाओं में एनीमिया की समस्या पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और उसे जमीन पर लागू करने की बात कही।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कृषि, बागवानी, पर्यटन, जल संसाधन, जैव विविधता और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञों के साथ नियमित सेमिनार और विचार-विमर्श आयोजित करने का सुझाव दिया…उनका कहना था कि इससे उत्तराखंड की जरूरतों के अनुसार बेहतर और नई नीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी।
