ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर एआई तकनीक की मदद से भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में एसटीएफ ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने और लोगों को गुमराह करने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय लुकमान मलिक के रूप में हुई है…जो देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। एसटीएफ की जांच में सामने आया कि आरोपी ने “उत्तराखंड पुलिस 112” नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर उत्तराखंड पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का डांस करता हुआ वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसके अलावा उसने पुलिस वर्दी में अपनी तस्वीरें भी तैयार की थीं और एक फर्जी पहचान पत्र भी बनाया था।

यह भी पढ़ें 👉  बाबा के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, स्थापना दिवस पर टूटा रिकॉर्ड

जांच के दौरान साइबर टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस सहित विभिन्न डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी अकाउंट संचालित करने और एआई वीडियो अपलोड करने की बात स्वीकार की।

पुलिस का कहना है कि आरोपी पुलिस भर्ती में शामिल होना चाहता था…लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर प्रभाव जमाने और लोकप्रियता हासिल करने के लिए पुलिस से जुड़ी फर्जी सामग्री तैयार करनी शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने के लिए कांग्रेस के पक्ष में करे मतदान.... अनुपम कबड्वाल...

आरोपी के मोबाइल फोन से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, एआई जनरेटेड वीडियो, पुलिस वर्दी में तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र से संबंधित सामग्री बरामद हुई है। इसके अलावा उसके घर से पुलिस जैसी दिखने वाली वर्दी और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

एसटीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।