देहरादून। नगर निगम देहरादून में अनुशासनहीनता के एक मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। शराब के नशे में अधिकारी के कार्यालय में पहुंचकर अभद्र व्यवहार करने वाले एक आउटसोर्स कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार संबंधित कर्मचारी रिकॉर्ड रूम में तैनात था और हाल ही में उसकी ड्यूटी दूसरे विभाग में लगाई गई थी। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि कर्मचारी के खिलाफ पहले भी बिना सूचना अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही की शिकायतें मिल चुकी थीं।
बताया गया कि कर्मचारी कथित रूप से नशे की हालत में सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय में पहुंच गया और वहां अनुचित व्यवहार किया…जिससे कार्यालय के कामकाज में भी बाधा उत्पन्न हुई। मामले को गंभीर मानते हुए नगर आयुक्त ने उसे तत्काल सेवा से हटाने की मंजूरी दे दी।
नगर आयुक्त ने कहा कि कार्यालय में अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और अधिकारियों व कर्मचारियों की गरिमा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कर वसूली की समीक्षा बैठक में भी हुई कार्रवाई
इसी दौरान नगर आयुक्त ने नगर निगम के कर अनुभाग की समीक्षा बैठक भी की। बैठक में कर वसूली, बकाया कर और राजस्व बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान दो कर निरीक्षक बैठक से अनुपस्थित पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने दोनों अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने बड़ी संपत्तियों पर लगाए गए कर का दोबारा सत्यापन करने, बकाया कर की वसूली तेज करने और बड़े बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्धारित राजस्व लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा गया।
