रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित भूतबंगला क्षेत्र में घर के बाहर कथित रूप से गाली-गलौज और हंगामा करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोगों ने मिलकर एक ही परिवार के कई सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी…जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित परिवार की एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोहल्ले के कुछ युवक अक्सर उनके घर के बाहर बैठकर शोर-शराबा, गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते थे। कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
महिला के अनुसार 22 जून की शाम भी कुछ लोग उनके घर के बाहर बैठकर हंगामा कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ और उनकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद परिवार के सदस्य मामले को शांत कराने पहुंचे…लेकिन विवाद और बढ़ गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने मिलकर परिवार के सदस्य मेहबूब अली के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। इस दौरान नावेद नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में चोट आई।
घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
