ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग ने सत्यापन प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर अभियान की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

बैठक में तय किया गया कि दावे और आपत्तियों के चरण में बूथ स्तर पर सुपर चेकिंग और फील्ड विजिट कर आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आयुक्त कुमाऊं को नैनीताल और ऊधमसिंह नगर…जबकि आयुक्त गढ़वाल को देहरादून और हरिद्वार में कैंप करने के निर्देश दिए हैं। दोनों मंडलायुक्त ऐसे बूथों का फील्ड विजिट कर सत्यापन करेंगे…जहां मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के लिए सबसे अधिक आवेदन आए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल : 10 अक्टूबर को भी रहेगा जनपद के सभी स्कूलों में अवकाश - जिला मजिस्ट्रेट

निर्वाचन अधिकारियों को खास तौर पर उन बूथों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं…जहां नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के आवेदन 4 प्रतिशत से अधिक और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के आवेदन 2 प्रतिशत से ज्यादा हैं।

ऐसे बूथों पर EROs को प्राप्त फॉर्म की क्रॉस वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए गए हैं।

CEO ने सभी जिलाधिकारियों को भी रेंडम फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। इसके तहत डीएम अचानक बूथों का निरीक्षण कर वहां चल रही सत्यापन प्रक्रिया की सुपर चेकिंग करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  डीएलएड अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट से मिली बड़ी राहत... हाईकोर्ट ने भर्ती प्रकिया में शामिल करने के दिए निर्देश

निर्वाचन विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि SIR अभियान के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का सत्यापन निर्धारित मानकों के अनुसार हो और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।