चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ नगर के रविग्राम क्षेत्र में गुरुवार रात भालू के हमले से दहशत फैल गई। जंगली भालू एक गोशाला में घुस गया और वहां बंधे पशुओं पर हमला कर दिया। इस हमले में 12 बकरियों, 50 से अधिक मुर्गियों और एक पालतू कुत्ते की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार भालू रात के समय मोहनलाल की गोशाला में घुसा। गोशाला की रखवाली कर रहे कुत्ते ने भालू का सामना करने की कोशिश की…लेकिन संघर्ष के दौरान उसकी भी जान चली गई। सुबह जब परिवार और आसपास के लोगों ने गोशाला का हाल देखा तो वहां का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग और नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन को जानकारी दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है, इसलिए उसे जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीम मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करेगी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि रिहायशी क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जाए, गश्त बढ़ाई जाए और जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाकर भालू को सुरक्षित पकड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से लोगों और उनके पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
