ख़बर शेयर करें -

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में बाघ की गतिविधि से लोगों में चिंता बढ़ गई है। गर्जिया क्षेत्र में मंगलवार को एक बाघ आबादी से सटे इलाके में पहुंच गया। यहां उसने एक घोड़े पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया और फिर घोड़े को जंगल की ओर खींचकर ले गया।

बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब 1:30 बजे झूला पुल चौराहे के पास हुई। यह इलाका नेशनल हाईवे-309 के नजदीक है और यहां दिन के समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

यह भी पढ़ें 👉  चमोली टनल हादसा: CM धामी ने रेस्क्यू अभियान का लिया जायजा, 3 श्रमिकों की तलाश जारी

बाघ के आबादी के इतने करीब पहुंचने से आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।

वन विभाग ने बढ़ाई गश्त

वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उसकी संभावित लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। लोगों को जंगल और उसके आसपास के इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में SIR के दौरान वोट पर आपत्ति का नोटिस मिला तो समय पर दें जवाब

वन विभाग ने खासतौर पर झूला पुल की तरफ जाने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि बाघ की मौजूदगी वाले क्षेत्र में किसी भी तरह की लापरवाही जोखिम बढ़ा सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी के पास बाघ की गतिविधियां चिंता का विषय हैं। लोगों ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।