चमोली। बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले की जांच में विशेष जांच टीम (SIT) को अहम सफलता मिली है। पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल से कई चरणों में पूछताछ की गई। जांच अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआत में आरोपी लगातार आरोपों से इनकार करता रहा…लेकिन जब उसके सामने सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्य रखे गए तो उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने यह भी माना कि उससे गंभीर गलती हुई है।
जांच के दौरान पुलिस पहले ही आरोपी के सरकारी आवास से नकदी, सोने के आभूषण, शालिग्राम, चांदी की मूर्ति, चांदी का नाग, नेपाली मुद्रा सहित कई सामान बरामद कर चुकी है। इसके अलावा चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट भी पहले बरामद किया जा चुका है। इन बरामदगियों के आधार पर पूछताछ को आगे बढ़ाया गया।
हालांकि, जांच अभी पूरी नहीं हुई है। एसआईटी अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस पूरे मामले में अन्य लोग भी शामिल थे। जांच एजेंसी आरोपी से जुड़े सभी संपर्कों और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद प्रमोद नौटियाल को दोबारा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि यदि आगे पूछताछ की आवश्यकता हुई तो अदालत से फिर पुलिस रिमांड की अनुमति मांगी जाएगी।
बदरीनाथ धाम से जुड़े इस चर्चित मामले में एसआईटी लगातार साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जिस किसी की भी भूमिका सामने आएगी…उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
