रुद्रपुर/खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर उधम सिंह नगर पहुंचे। गदरपुर में उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
मुख्यमंत्री सबसे पहले गदरपुर मंडी समिति स्थित हेलीपैड पहुंचे….जहां जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कंबोज धर्मशाला पहुंचकर शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और अखंड पाठ में शामिल होकर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान देश के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान भी किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गदरपुर बस अड्डे का लोकार्पण किया। साथ ही खंड विकास कार्यालय भवन का उद्घाटन और क्षेत्र की कई सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार काम कर रही है। गुलरभोज क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को और बेहतर बनाने के लिए भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाए और अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित अन्य मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें हिरासत में ले लिया। कुछ देर तक मौके पर हलचल रही…लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
गदरपुर का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद वह अपने आवास के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
