देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम सगी बहनों की बरसाती नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है…जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार यह हादसा नई बस्ती स्थित दुर्गा मंदिर के पास हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची…लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को नाले से बाहर निकाल लिया था। दुर्भाग्यवश, दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतक बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी और साढ़े तीन वर्षीय सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बहनें अपने माता-पिता के साथ क्लेमेंटटाउन की नई बस्ती में किराये के मकान में रहती थीं। परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का निवासी है और देहरादून में मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है।
परिजनों के अनुसार गुरुवार दोपहर दोनों बच्चियां घर के बाहर खेलते-खेलते बरसाती नाले के पास पहुंच गईं। इसी दौरान अचानक नाले में पानी का तेज बहाव आ गया और दोनों उसमें बह गईं। बहाव के साथ दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं।
जब काफी देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों और आसपास के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान एक बच्ची का पैर रैंप के नीचे दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना की सूचना बच्चियों के पिता को भी दे दी गई है….जो किसी काम से अपने पैतृक गांव बिहार गए हुए हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बरसात के मौसम में खुले नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से अपील की है कि बारिश के दौरान बच्चों को नालों, नदियों और जलभराव वाले स्थानों के पास अकेले न जाने दें….ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
