देहरादून। उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा को आधुनिक जरूरतों से जोड़ने की दिशा में सरकार ने एक और कदम उठाया है। अब अल्मोड़ा के द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (BTKIT) में छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स की पढ़ाई का मौका मिलेगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने संस्थान में दो नए BTech पाठ्यक्रम शुरू करने को मंजूरी दी है। ये पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्व-वित्त पोषित माध्यम से संचालित किए जाएंगे।
BTKIT द्वाराहाट में शुरू होने वाले नए पाठ्यक्रमों में Artificial Intelligence & Machine Learning (AI & ML) और Robotics शामिल हैं। दोनों पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
संस्थान की ओर से इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रशासकीय परिषद और AICTE से जरूरी मंजूरी प्राप्त होने की जानकारी दी गई है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि AI मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य के तकनीकी संस्थानों में आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार का उद्देश्य है कि उत्तराखंड के युवाओं को आधुनिक तकनीक की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें प्रदेश में ही बेहतर अवसर मिल सकें।
सरकार की योजना अन्य तकनीकी संस्थानों में भी आधुनिक विषयों की पढ़ाई शुरू करने की है। इनमें AI Data Science, Cyber Security, Robotics, Quantum Computing, Biotechnology, Semiconductor और Full-Stack Development जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे युवाओं को रोजगार और नई तकनीकी इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
