देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल और ऊधम सिंह नगर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
मसूरी, श्रीनगर, जोशीमठ, मुनस्यारी, देवप्रयाग, चकराता, बद्रीनाथ, कपकोट, बेरीनाग, लालकुआं, बाजपुर और केदारनाथ समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
राज्य आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
