देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही तेज बारिश के बीच मौसम विभाग ने 28 जुलाई के लिए 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 4 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर भी पड़ सकते हैं।
वहीं अल्मोड़ा, चंपावत, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश, तेज गर्जना और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने पुरोला, बड़कोट, गंगोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, सोनप्रयाग, थराली, नंदा देवी पर्वत, मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट, जसपुर, रुद्रपुर, खटीमा और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले कुछ घंटों के दौरान भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
बारिश के अलर्ट को देखते हुए बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, पौड़ी और चमोली जिलों में 28 जुलाई को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।
