देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के दौरान खराब हुई सड़कों को लेकर सरकार ने अब तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की सड़कों की स्थिति और उनकी मरम्मत को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सरकार ने मानसून खत्म होने के बाद सड़क सुधार के काम तेजी से शुरू करने की तैयारी की है। इसके लिए संबंधित विभागों को पहले से टेंडर प्रक्रिया और दूसरी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
गांव और शहर दोनों जगह सड़कों पर होगा काम
सड़क सुधार की योजना में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को शामिल किया गया है। लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आने वाली सड़कों के साथ नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में उन पुरानी पीएमजीएसवाई सड़कों की मरम्मत पर भी चर्चा हुई…जिनकी रखरखाव अवधि समाप्त हो चुकी है। ऐसी सड़कों को ठीक करने के लिए राज्य सरकार की ओर से जरूरी धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार किया गया।
मानसून खत्म होते ही तेज होगा काम
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश समाप्त होने के बाद सड़क मरम्मत शुरू करने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने को कहा गया है।
सरकार की कोशिश है कि मानसून खत्म होते ही प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सड़क सुधार के काम एक साथ तेजी से शुरू किए जा सकें।
स्थानीय निकायों को भी मिलेगी मदद
शहरी क्षेत्रों की खराब सड़कों को दुरुस्त करने के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। इससे नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को अपने क्षेत्रों में सड़क सुधार के काम कराने में मदद मिलेगी।
अक्टूबर से प्रदेश का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से दौरा करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
सरकार का जोर अब मानसून के बाद सड़क मरम्मत के काम को तेजी से पूरा करने पर है….ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को बेहतर और सुगम सड़क सुविधा मिल सके।
