ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस पर रविवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त कैंची धाम पहुंचे।

प्रशासन के अनुसार देर रात तक कुल 1,19,228 श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों ने व्यापक इंतजाम किए थे…जिससे पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहीं।

इस बार सबसे बड़ी राहत यातायात व्यवस्था को लेकर देखने को मिली। हल्द्वानी से भवाली और कैंची धाम तक कहीं भी बड़े जाम की स्थिति नहीं बनी। पुलिस की निगरानी, ट्रैफिक डायवर्जन और शटल सेवा के चलते वाहनों की आवाजाही सामान्य रही। कई श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें यात्रा और दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

यह भी पढ़ें 👉  समीर शाह की तूफानी बल्लेबाजी में उड़ा जिला प्रशासन…

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

यह भी पढ़ें 👉  पाटी चुनाव जीतने के बाद नारायण लाल का बड़ा संदेश, बोले- धामी जी के सेवक थे और आगे भी रहेंगे

दिनभर बाबा के जयकारों और भक्ति गीतों से कैंची धाम का वातावरण भक्तिमय बना रहा। हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई और दर्शन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारे, पेयजल और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की। श्रद्धालुओं ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं को सराहते हुए कहा कि अपेक्षा से कम समय में उन्हें सहज और सुगम दर्शन का अवसर मिला।