ख़बर शेयर करें -

चमोली। जिले के देवाल विकासखंड में एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है…जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार हाट कल्याणी गांव के तीन युवक सोमवार दोपहर करीब 3 बजे कैल नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान नदी के एक गहरे हिस्से में नहाते समय 17 वर्षीय आयुष परिहार अचानक पानी में डूबने लगा। साथ मौजूद युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की…लेकिन वह गहरे पानी में चला गया।

यह भी पढ़ें 👉  SBI ग्राहकों की लगी लॉटरी, FD पर मिलेगा ज्यादा रिटर्न

युवकों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद आयुष को नदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में किशोर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेजा जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड का एक और लाल चीन सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद... कल देहरादून में होगा अंतिम संस्कार...

स्थानीय लोगों ने बताया कि आयुष मिलनसार स्वभाव का था और उसकी अचानक मौत से गांव में गहरा दुख है। हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने नदी और अन्य जल स्रोतों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कर्णप्रयाग क्षेत्र में नहाने के दौरान एक किशोरी की नदी में डूबने से मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।