विकासनगर। सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में हत्या का शिकार हुए बीजेपी नेता विनोद कश्यप का सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीन दिनों से चल रहे तनावपूर्ण माहौल के बीच बड़ी संख्या में लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
बताया जा रहा है कि 13 जून को पानी को लेकर हुए विवाद के दौरान विनोद कश्यप की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी…जिसके चलते प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा था।
मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने सहित कई मांगें रखी थीं। इन मांगों को लेकर परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए भी तैयार नहीं थे। सोमवार को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने परिवार के साथ बातचीत की…जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद विनोद कश्यप की अंतिम यात्रा निकाली गई…जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और सामाजिक संगठन शामिल हुए। अंतिम यात्रा के दौरान उन्हें पार्टी के झंडे में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
अंतिम संस्कार में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह या भड़कावे में न आने की अपील भी की।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
