देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ रायपुर थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की। पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपियों के घर पहुंचकर मुनादी कराई और न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा के नोटिस चस्पा किए।
इन आरोपियों में कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी, उनके बेटे हर्षवर्धन नेगी और मोहित पुरी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों इस मामले में लगातार फरार चल रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक बनगांव निवासी भानु प्रकाश भट्ट ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मजरा जॉलियो क्षेत्र में करीब सवा बीघा जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे अन्य लोगों को बेचने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन पर लगी तारबाड़ को नुकसान पहुंचाया गया और कब्जे की कोशिश की गई। इस दौरान मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी गई…लेकिन वे पुलिस की पकड़ में नहीं आए। इसके बाद कोर्ट से तीनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) हासिल किया गया।
NBW के बावजूद आरोपी नहीं मिले तो पुलिस ने कोर्ट से आगे की उद्घोषणा कार्रवाई के आदेश लिए।
कोर्ट के आदेश के बाद 11 अगस्त को रायपुर पुलिस आरोपियों के घर पहुंची। पुलिस ने उनके घरों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई।
इसके साथ ही मकानों के मुख्य गेट और आसपास के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय के नोटिस चस्पा किए गए। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश होने की जानकारी भी दी।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार के अनुसार भूमि धोखाधड़ी के मामले में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। कोर्ट के आदेश के तहत उनके आवास और सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देश और जांच के आधार पर की जाएगी।
