ख़बर शेयर करें -

देहरादून। सेलाकुई क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का भय दिखाकर एक महिला से लाखों रुपये के आभूषण ठगने वाले कथित बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 तोला सोना और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी लोगों को अंधविश्वास और डर के जाल में फंसाकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करता था।

पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को सेलाकुई निवासी ओशीन गुरंग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महंत राहुल थापा ने तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर उनके परिवार को अनिष्ट होने की बात कही और विशेष पूजा कराने के बहाने लगभग 65 तोला सोना हड़प लिया। शिकायत की जांच के बाद 10 जून को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेलाकुई पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान 11 जून को आरोपी राहुल थापा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने महिला से धोखाधड़ी कर आभूषण हासिल करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आभूषणों को गलाकर बनाए गए लगभग 150 ग्राम के सोने के बिस्किट और अन्य जेवर बेचकर प्राप्त किए गए 5 लाख रुपये नकद बरामद किए।

यह भी पढ़ें 👉  30 सालों का राज खत्म…. हाईकोर्ट ने नगर पंचायत कैलाखेड़ा के चुनाव को किया रद्द….

जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले कई वर्षों से पंडिताई और धार्मिक अनुष्ठानों का काम करता था। अधिक धन कमाने के लालच में उसने लोगों को डराकर ठगी करने की योजना बनाई। वह रात के समय लोगों के घरों के बाहर टोना-टोटका से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता था और अगले दिन उन्हें फोन कर किसी अनिष्ट या जादू-टोने की आशंका बताता था। इसके बाद पूजा और अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला को पहले से जानता था और उसे यह भी जानकारी थी कि उसके पास बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण हैं। इसी लालच में उसने योजना बनाकर महिला के घर के बाहर एक संदिग्ध पोटली फेंकी और बाद में उसे तंत्र-मंत्र का असर बताकर विशेष पूजा कराने के लिए राजी कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  44 हजार से 1.42 लाख तक सैलरी, उत्तराखंड में निकली नर्सिंग ऑफिसर भर्ती

पूजा के दौरान आरोपी ने महिला और उसकी मां से सभी आभूषण एक पोटली में बांधकर एक संदूक में रखने को कहा। फिर किसी धार्मिक प्रक्रिया का बहाना बनाकर उन्हें दूसरी जगह भेज दिया और मौका पाकर संदूक से आभूषण निकाल लिए। बाद में उसने संदूक को कई दिनों तक न खोलने की सलाह दी…जिससे उसकी ठगी का राज तुरंत सामने नहीं आ सका।

पुलिस का कहना है कि घटना को तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है…इसलिए बाकी आभूषणों की बरामदगी चुनौतीपूर्ण है। शेष जेवरों की तलाश के लिए आरोपी से आगे भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने इसी तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं तथा उसके साथ कोई सहयोगी भी शामिल था या नहीं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, अंधविश्वास और डर फैलाने वाले लोगों के झांसे में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।