ख़बर शेयर करें -

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवाल-घेस मोटरमार्ग पर कुनार बैंड के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई…जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन देवाल से घेस की ओर जा रहा था। रास्ते में कुनार बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

यह भी पढ़ें 👉  एनकाउंटर के बाद दबोचा गया गौकशी का फरार आरोपी...पैर में गोली लगते ही हुआ गिरफ्तार

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्घटनास्थल दुर्गम होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों और मृतकों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों का इलाज जारी है। इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि वाहन में आठ से दस लोग सवार थे। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में 3,000 पेड़ कटेंगे या बचेंगे PWD-NHAI की सफाई से बढ़ी चर्चा

हादसे में जानकी देवी (28), अर्जुन सिंह (60), आलम सिंह (54) और सात वर्षीय दीपू की मौत हो गई। वहीं हरेंद्र सिंह, उमा देवी, खड़क सिंह और डेढ़ वर्षीय हर्षिता घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।