ऋषिकेश। दोस्ती में हुई नाराजगी को दूर करने के लिए तीन युवकों ने ऐसा मजाक किया, जो उन्हें भारी पड़ गया। अपने दोस्त को मनाने के लिए युवकों ने उसकी तस्वीर के साथ गुमशुदगी के पोस्टर छपवाकर शहर के कई इलाकों में लगा दिए। इतना ही नहीं, पोस्टर लगाने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार रेलवे रोड क्षेत्र का एक युवक निजी कंपनी में नौकरी करता है। कुछ समय पहले उसका अपने तीन दोस्तों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद उसने दोस्तों से बातचीत बंद कर दी और उनसे दूरी बना ली।
कई दिनों तक संपर्क नहीं होने पर दोस्तों ने उसे मनाने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने युवक की फोटो के साथ गुमशुदगी के पोस्टर तैयार करवाए और उस पर उसे खोजकर लाने वाले को सिगरेट की डिब्बी इनाम में देने की घोषणा कर दी। इसके बाद पोस्टरों को आईएसबीटी परिसर, आशुतोष नगर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर दिया गया।
पोस्टर लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जब यह वीडियो संबंधित युवक और उसके परिवार तक पहुंचा तो उन्होंने इस पर नाराजगी जताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित युवकों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में युवकों ने बताया कि उनका उद्देश्य गलत सूचना फैलाना नहीं था…बल्कि नाराज दोस्त को मनाने के लिए मजाक किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि इस तरह की हरकत से लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और पुलिस का समय भी बर्बाद होता है। पुलिस ने युवकों को कड़ी चेतावनी देते हुए उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की हिदायत भी दी गई है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मजाक या मनोरंजन के नाम पर ऐसे कार्य न करें…जिनसे किसी की प्रतिष्ठा प्रभावित हो या अनावश्यक रूप से कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो।
