ख़बर शेयर करें -

लक्सर। कृषि ऋण माफ कराने का झांसा देकर एक किसान से लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने बैंक शाखा प्रबंधक समेत दो लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

कंकरखाता गांव निवासी किसान पहल सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे भरोसा दिलाया गया था कि उसका कृषि ऋण पूरी तरह माफ करा दिया जाएगा। इसी विश्वास में उसने अगस्त 2025 में 2.75 लाख रुपये बैंक में जमा कराए। रकम जमा करने के बाद उसे रसीद भी दी गई…जिससे उसे लगा कि ऋण माफी की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

यह भी पढ़ें 👉  शर्मनाक घटना! दिव्यांग युवक को सड़क पर गिराकर पीटा, वायरल वीडियो ने खोली दबंगों की करतूत

किसान का आरोप है कि कई महीने बीतने के बाद भी उसका ऋण माफ नहीं हुआ। जब उसने इस बारे में जानकारी लेनी चाही तो उसे लगातार अलग-अलग जवाब देकर टाल दिया गया। कई बार बैंक और संबंधित लोगों से संपर्क करने के बावजूद कोई समाधान नहीं मिला।

पीड़ित का कहना है कि आखिरकार उसने अपने वकील के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा। इसके बाद संबंधित लोगों ने यह कहते हुए जिम्मेदारी से इनकार कर दिया कि ऋण माफी करवाना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है और उन्होंने कोई धनराशि नहीं ली है।
किसान ने दावा किया है कि उसके पास बैंक में जमा की गई राशि से जुड़े सभी दस्तावेज और प्रमाण मौजूद हैं। उसका आरोप है कि सुनियोजित तरीके से उसे गुमराह कर 2.75 लाख रुपये की ठगी की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : शटडाउन के भरोसे पोल पर चढ़ा कर्मचारी, करंट ने छीन ली जिंदगी

पीड़ित किसान ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।