देहरादून: उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होगी। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज गर्जना और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। 26 अगस्त: आज प्रदेश के सभी जिलों में बारिश होने का अनुमान है। देहरादून, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गर्जना और बिजली चमकने की संभावना है। 27 अगस्त: पर्वतीय जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश भी होगी। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। 28 अगस्त: रक्षाबंधन के दिन भी बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। पर्वतीय जिलों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होगी। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 29 अगस्त: पर्वतीय जिलों के साथ ऊधम सिंह नगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हरिद्वार में भी कुछ जगह बारिश हो सकती है। 30 और 31 अगस्त: अगस्त का आखिरी सप्ताह भी बारिश के साथ खत्म होगा। दोनों दिन प्रदेश के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 30 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। 1 सितंबर: सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।
