ऋषिकेश। चारधाम यात्रा से लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी एक रोडवेज बस मंगलवार को बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। सोनप्रयाग से ऋषिकेश आ रही बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए…जिससे बस अनियंत्रित हो गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और किस्मत से बस हाईवे किनारे बने कलमठ में फंस गई और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार रामनगर डिपो की रोडवेज बस सोनप्रयाग से तीर्थयात्रियों को लेकर ऋषिकेश आ रही थी। ब्रह्मपुरी के पास पहुंचते ही बस के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर बदरीनाथ हाईवे पर ऊपर की ओर बने कलमठ में जा फंसी।
हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री, चालक और परिचालक पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बस में रामनगर डिपो के चालक मोहित कुमार और परिचालक वीरेंद्र कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। घटना की जानकारी तुरंत ऋषिकेश डिपो को दी गई। सूचना मिलने पर डिपो प्रशासन ने दूसरी बस मौके पर भेजी।
बाद में सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से ऋषिकेश पहुंचाया गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई है।
इस घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और समय रहते बड़ा हादसा टलने पर भगवान का आभार जताया।
