देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा और 14 जून को होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि नीट पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को परिवहन विभाग की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए जल्द आवश्यक शासनादेश जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्य सचिव ने मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी क्षेत्र में सड़कें बाधित होती हैं तो परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और बैकअप प्लान पहले से तैयार रखा जाए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और सभी आवश्यक जांच प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो…इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर पूरी तैयारी रखने को कहा गया।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योग दिवस कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
