रुड़की : हरिद्वार जिले के रुड़की में रोडवेज बस अड्डे के पास एक होटल के कमरे में सेना के एक जवान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई…सूचना मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान कमलदीप सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है…वह नैनीताल जिले के हल्द्वानी के गौरधारा क्षेत्र के रहने वाले थे पुलिस के अनुसार कमलदीप सिंह 14 जून से होटल में ठहरे हुए थे।
बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला…तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने होटल प्रबंधन की मदद से कमरा खुलवाया…जहां जवान मृत अवस्था में मिले।
जांच के दौरान कमरे से सेना का पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज मिले…जिससे उनकी पहचान की गई। पुलिस ने उनके मोबाइल से परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन लॉक होने के कारण संपर्क नहीं हो सका। बाद में सेना के अधिकारियों की मदद से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं…पुलिस का कहना है कि अभी मौत के कारणों के बारे में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
