देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को प्रभावी बनाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मतदाताओं के दस्तावेजों का समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाताओं द्वारा जमा किए जाने वाले दस्तावेजों का तय समय के भीतर सत्यापन होना जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
बैठक में शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रत्येक विभाग में राज्य स्तर पर नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं…जो सत्यापन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला स्तर के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाए, ताकि सत्यापन कार्य समय पर पूरा हो सके और मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, शहरी विकास, पंचायतीराज और आईटीडीए सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
