रुद्रपुर। शहर में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रेलवे ट्रैक के पास बैठे एक मजदूर का हाथ ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को स्थानीय लोगों, समाजसेवियों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया…जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार घायल की पहचान नंदा दास के रूप में हुई है…जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और रुद्रपुर की एक प्लाईवुड कंपनी में मजदूरी करता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात वह रेलवे ट्रैक के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान वह वहीं आराम करते हुए सो गया। बताया जा रहा है कि उसका एक हाथ रेलवे लाइन पर आ गया….तभी वहां से गुजर रही ट्रेन उसके हाथ के ऊपर से निकल गई। हादसे में उसका हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय समाजसेवियों और लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया और घायल को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया…जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में काफी खून बहने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
समाजसेवियों ने घायल के ठेकेदार और संबंधित लोगों को घटना की जानकारी दे दी है। साथ ही बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए हर संभव सहायता का भरोसा भी दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से रेलवे ट्रैक के आसपास विशेष सावधानी बरतने और रेलवे लाइन पर बैठने या सोने जैसी जोखिम भरी गतिविधियों से बचने की अपील की है।
