देहरादून। राजधानी देहरादून में हुए चर्चित वकील हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं…बल्कि मृतक के छोटे भाई ने ही की थी।
पुलिस के अनुसार भुड्डी गांव निवासी वकील सोहेल हारून की 14 जून की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और करीब 10 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और उसका छोटा भाई शाहिद घर में अकेले रह रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। पूछताछ में सामने आया कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पैसों और व्यवहार को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को नशे की आदत थी और वह अपने खर्चों के लिए अक्सर पैसों की मांग करता था। इसी बात को लेकर बड़े भाई से उसका विवाद होता रहता था। कुछ समय पहले दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था…जिससे आरोपी नाराज चल रहा था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने के प्रमाण नहीं मिले। वहीं घर के अंदर से एक देशी पिस्टल भी बरामद हुई, जिससे जांच की दिशा बदल गई।
पुलिस ने जब आरोपी से गहन पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया और बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर की कहानी गढ़ी।
इतना ही नहीं…पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना के बाद लोगों के बीच भ्रम पैदा करने और जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने की भी कोशिश की। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया…जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
