ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर हरिद्वार में साफ दिखाई दिया। देर रात से हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पानी भर गया…जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। कई सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी जमा होने से यातायात बाधित रहा और लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।

भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक और सिटी अस्पताल के आसपास सबसे ज्यादा जलभराव देखने को मिला। कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में बंद हो गए…रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक निजी बस भी पानी में फंस गई। कई दुकानों में बारिश का पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें 👉  जेल से रची गई 30 लाख की रंगदारी की साजिश! घर पर फायरिंग कराने वाला आरोपी तमंचे समेत गिरफ्तार

कनखल के लाटोवाली क्षेत्र और ज्वालापुर बाजार में भी सड़कें पानी से भर गईं। कई घरों और दुकानों के बाहर खड़े वाहन आधे पानी में डूबे दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन इलाकों में जलभराव की समस्या कई वर्षों से बनी हुई है…लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि मानसून से पहले नालों की सफाई कराई गई थी…लेकिन लगातार तेज बारिश के कारण कई जगह जलभराव हो गया। नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से पानी निकालने का काम कर रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल टाइम्स :: राजकीय महाविद्यालय में एनएसएस द्वारा वसुधा वंदम के अंर्तगत किया वृक्षारोपण

उधर, हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर गैंडीखाता क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने बनी पुलिया का एक हिस्सा बारिश के दौरान धंस गया…उसी समय वहां से गुजर रही उत्तराखंड रोडवेज की एक बस पुलिया में फंस गई। चालक की सतर्कता से बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया…हालांकि बस के टायर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।

फिलहाल प्रशासन ने सड़क के आधे हिस्से से वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश कम होने के बाद पुलिया की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।