देहरादून : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है मौसम विभाग ने 9 और 10 जुलाई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है…साथ ही लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है…वहीं अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। 14 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
भारी बारिश को देखते हुए अल्मोड़ा, देहरादून, नैनीताल, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है।
मसूरी में लगातार बारिश के बीच अपर माल रोड पर करीब 100 साल पुराना एक बड़ा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में एक कार और तीन स्कूटी आ गईं। राहत की बात यह रही कि उस समय किसी वाहन में कोई सवार नहीं था…जिससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में पुलिस फायर सर्विस और वन विभाग की टीम ने पेड़ हटाकर यातायात बहाल कराया।
वहीं उत्तरकाशी में बारिश और भूस्खलन के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए प्रभावित रहे। मलबा हटाने का काम जारी है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम की जानकारी देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
