बागेश्वर: जिले के कपकोट थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से उनकी छवि खराब करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि एक व्यक्ति लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो और अन्य सामग्री साझा कर उनके बारे में भ्रामक बातें फैला रहा है…जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उनका नाम एक स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ जोड़ते हुए आपत्तिजनक और भ्रामक बातें प्रसारित कीं। इससे उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिला का यह भी कहना है कि इससे पहले भी आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और वीडियो साझा कर चुका है।
शिकायत मिलने के बाद कपकोट थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक गोल्डी घुघतयाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
