चमोली: चमोली जिले के दशोली विकासखंड के ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली सड़क आपदा के कारण क्षतिग्रस्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया है। सड़क टूटने से गांव के करीब 120 परिवारों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी।
ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री को सड़क की स्थिति की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कर जल्द आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और जरूरत पड़ने पर मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया जाए।
