ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर के आनंदपुरी महेशनगर क्षेत्र में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक घर के बाहर सूख रहे कपड़े चोरी कर ले गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई…जिसका वीडियो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-9 स्थित एक घर में शनिवार तड़के करीब 3:22 बजे एक अज्ञात युवक दीवार फांदकर अंदर घुस गया। युवक ने बिना किसी हड़बड़ी के बाहर सूख रहे कपड़ों को इकट्ठा किया और वहां से निकल गया। घटना की पूरी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  300 रुपये नीबू 200 रुपये किलो मिर्च…. धनिया पुदीना भी मंहगा तो 100 रुपये किलो हुआ करेला... फलों का स्वाद भी महंगा

बताया जा रहा है कि चोरी किए गए कपड़ों में महिलाओं के कपड़े भी शामिल हैं। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग हैरान हैं। लोगों का कहना है कि यदि रिहायशी इलाकों में इस तरह की घटनाएं होने लगी हैं तो सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं सामने आती थीं…लेकिन अब घरों के बाहर रखे सामान और कपड़ों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: 20 जेसीबी के नाम पर 4.80 करोड़ का खेल! बैंक के पूर्व मैनेजर की गिरफ्तारी से खुला बड़ा राज

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।