हरिद्वार। हरिद्वार जिले के कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुरा गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है…जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ छोटे बच्चों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि कोल्डड्रिंक की बोतल को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने बच्चों के हाथ रस्सी से बांध दिए और उनकी पिटाई कर दी।
वायरल वीडियो में बच्चों के साथ कथित रूप से की जा रही मारपीट को देखकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि, वीडियो की सत्यता और घटना की पूरी परिस्थितियों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वीडियो में दिख रही घटना सही पाई जाती है तो यह बेहद गंभीर मामला है और ऐसे कृत्य के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
उधर, कलियर कोतवाली प्रभारी दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और घटना की वास्तविकता सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
