ख़बर शेयर करें -

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के पर्वतारोहियों ने एक बार फिर हिमालय की ऊंचाइयों पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। एवरेस्ट विजेता प्रवीण राणा के नेतृत्व में नौ सदस्यीय पर्वतारोहण दल ने गंगोत्री हिमालय की कठिन चोटियों में शामिल माउंट सतोपंथ (7075 मीटर) पर सफलतापूर्वक आरोहण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

अभियान के दौरान दल को लगातार खराब मौसम, भारी हिमपात, गहरी बर्फ और हिमस्खलन के खतरे जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कठिन परिस्थितियों के कारण कई बार ऐसा लगा कि अभियान को बीच में ही रोकना पड़ेगा…लेकिन टीम ने हिम्मत नहीं हारी और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रही।

यह भी पढ़ें 👉  आंदोलनकारी कोटे से 780 आंदोलनकारियों की नौकरी पर संकट..

दल के नेता और एवरेस्ट विजेता प्रवीण राणा ने बताया कि मौसम लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। हालात इतने कठिन थे कि एक अन्य पर्वतारोहण दल को बीच अभियान से ही वापस लौटना पड़ा। इसके बावजूद उनकी टीम ने धैर्य, आत्मविश्वास और मजबूत टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया।

उन्होंने बताया कि 17 जून को मौसम में कुछ सुधार देखने को मिला, जिसके बाद टीम ने अंतिम प्रयास करने का निर्णय लिया। 18 जून की सुबह करीब साढ़े नौ बजे सभी नौ सदस्य सफलतापूर्वक माउंट सतोपंथ की चोटी पर पहुंचे और वहां तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल टाइम्स :: सोसायटी फॉर माउंटेन डेवलपमेंट एंड कंजर्वेशन एसएमडीसी द्वारा किया गया पौधारोपण

प्रवीण राणा ने इस उपलब्धि को केवल एक पर्वत विजय नहीं, बल्कि विश्वास, साहस, टीमवर्क और अटूट संकल्प की जीत बताया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान हिमालय संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया और पर्वत पर उत्पन्न होने वाले सभी कचरे को वापस नीचे लाया गया।

इस सफल अभियान में प्रवीण राणा, मुनेन्द्र राणा, नवीन पंवार, नवीन गुसाईं, पवनेश राणा, रतन सिंह नेगी, आजाद सिंह राणा, सचिन लामा और चित्रेश्वरी राजपूत शामिल रहे।

यह सफलता उत्तराखंड के पर्वतारोहण इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ने के साथ युवाओं को साहस, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती है।