चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को गोपेश्वर पहुंचे…जहां उनका भव्य स्वागत किया गया बस स्टेशन से पुलिस मैदान तक हुए रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और कई जगहों पर मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और चमोली जिले के लिए 63 विकास योजनाओं की सौगात दी इनमें 113.99 करोड़ रुपये की 36 नई योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
इन योजनाओं में सड़क, पुल, बाढ़ सुरक्षा, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई काम शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि चमोली धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जिला है। इसलिए यहां बेहतर सड़कें, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कई नई सड़क परियोजनाओं, स्टील पुलों, बाढ़ सुरक्षा कार्यों, पशु चिकित्सालयों, स्कूल भवनों, पार्किंग, सामुदायिक भवनों और मोटर मार्गों की आधारशिला रखी गई। वहीं कई तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया गया…जिनसे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित विकास और लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।
