हरिद्वार : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। हरिद्वार के भीमगौड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार दोपहर तक गंगा का जलस्तर 291.10 मीटर दर्ज किया गया…जो सामान्य स्तर से अधिक है…हालांकि यह अभी चेतावनी स्तर 293 मीटर से नीचे है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है…पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण गंगा के साथ-साथ सोलानी, बाणगंगा और पथरी रौह नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
बारिश की वजह से हरिद्वार के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लक्सर, खानपुर और लालढांग क्षेत्र के कई गांव प्रभावित हुए हैं। कुछ स्थानों पर सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं…जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गंगा और अन्य उफनती नदियों के किनारे जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को सूचना दें लगातार बारिश को देखते हुए अधिकारियों ने कहा है कि यदि वर्षा जारी रही तो जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है।
