चमोली। नीति घाटी में भारी बारिश के दौरान तमक नाला उफान पर आ गया था। इसी दौरान BRO में तैनात हवलदार पंकज लापता हो गए। उनकी तलाश के लिए अलग-अलग एजेंसियों की टीमें अभियान चला रही हैं।
पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार से मदद की अपील की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश में तेजी लाई जाए और अभियान की लगातार निगरानी की जाए।
कई टीमें कर रही तलाश
हवलदार पंकज को खोजने के लिए सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें जुटी हुई हैं। टीमें तमक नाले और आसपास के संभावित क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं।
पंकज पिथौरागढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जिला प्रशासन उनके परिवार के संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया गया है।
CM धामी ने परिवार को दिया भरोसा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर हवलदार पंकज के परिजनों से बात की। उन्होंने परिवार का हाल जाना और भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मदद के लिए पूरी तरह साथ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंकज की तलाश के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल खोज अभियान जारी है।
