देहरादून। उत्तराखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस को पूरे प्रदेश में भव्य और जनभागीदारी के साथ मनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों में आम जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य और जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण अभियान, मैराथन, साइकिल, बाइक और कार रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके अलावा प्रमुख शहरों के महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल और एनसीसी बैंड की ओर से देशभक्ति से जुड़े संगीतमय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष महत्व देने के निर्देश दिए। इसके तहत पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और जल संरक्षण से जुड़े अभियान चलाए जाएंगे। रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यक्रमों को भी व्यापक रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून के परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। वहीं मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून के अलावा अन्य सभी जिलों में सुबह 9:30 बजे जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण होगा। सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में भी निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस से पहले 14 अगस्त की शाम और 15 अगस्त की सुबह प्रदेश के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति के गीत प्रसारित किए जाएंगे। साथ ही सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन और मुशायरे का भी आयोजन किया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी के साथ झंडारोहण, राष्ट्रगान, खेल प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे…ताकि युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सके।
