देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब 93 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में सड़क, पर्यटन, हेलीपैड, पुलिस आवास, शिक्षा, ऊर्जा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई कार्य शामिल हैं।
अल्मोड़ा जिले में गोल्जू मंदिर के आसपास पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए 56.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं टिहरी जिले में ज्ञानसू-ग्वाड़-पस्सी-बुडोगी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधार के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है। देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में भानियावाला विस्थापित क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण और पक्कीकरण के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है।
हरिद्वार जिले में श्यामपुर, ज्वालापुर और बहादराबाद थाना परिसरों में पुलिस कर्मियों के आवास निर्माण के लिए पहली किस्त जारी करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा उत्तरकाशी और टिहरी में नए हेलीपैड निर्माण तथा पहले से बने हेलीपैड के सौंदर्यीकरण के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में भूतापीय ऊर्जा स्रोतों के प्रारंभिक सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए भी धनराशि मंजूर की है। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य के पात्र लाभार्थियों को राज्यांश के रूप में 20 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड देवाल के ल्वाणी-सुया मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय खीमजी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
