ख़बर शेयर करें -

देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में हाल ही में बनी सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने और भूस्खलन के कारण आवाजाही प्रभावित होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। इसी दौरान सड़क बहाली में देरी को लेकर ग्रामीणों और संबंधित अधिकारियों के बीच विवाद भी हो गया।

जानकारी के अनुसार मालदेवता से सोंग डैम होते हुए सौंदना गांव तक जाने वाला संपर्क मार्ग कई स्थानों पर टूट गया है। लगातार बारिश के चलते सड़क पर मलबा आ गया और कई हिस्सों में सड़क धंसने से यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर हाल ही में ब्लैकटॉप का कार्य हुआ था…लेकिन पहली ही बरसात में इसकी स्थिति खराब हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल... 22 आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव...

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों को देहरादून से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी और मरीज आवाजाही करते हैं। सड़क खराब होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि नई सड़क का इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त होना गंभीर चिंता का विषय है।

इसी बीच सड़क खोलने में देरी को लेकर ग्रामीणों और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों के बीच विवाद भी सामने आया। विभाग की ओर से कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है। वहीं ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि समय पर राहत कार्य शुरू नहीं होने से लोग घंटों तक फंसे रहे…जिससे नाराजगी बढ़ी।

यह भी पढ़ें 👉  नाबालिक दुष्कर्म मामले में हाईकोर्ट ने एसपी से दोषियों के खिलाफ कार्यवाही कर 11 मई तक रिपोर्ट पेश करने को कहा

ग्रामीणों का कहना है कि बंद सड़क के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उनका आरोप है कि समय रहते राहत कार्य शुरू होता तो हालात इतने गंभीर नहीं होते।

फिलहाल प्रशासन की ओर से सड़क बहाल करने के प्रयास जारी हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने, क्षतिग्रस्त मार्ग की जल्द मरम्मत करने और बरसात के दौरान आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की मांग की है।