ख़बर शेयर करें -

बिजनौर: संत शिरोमणि कबीर साहेब जी की 629वीं प्राकट्य जयंती के अवसर पर बिजनौर में भुइयार समाज सेल्फ केयर समिति, बिजनौर एवं भुइयार समाज उत्थान समिति (रजि.) के संयुक्त तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा, विचार गोष्ठी, अतिथि सम्मान और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में संत कबीर साहेब के विचारों के साथ समाज में शिक्षा, संगठन, नशामुक्ति और आपसी भाईचारे का संदेश प्रमुखता से दिया गया।

सुबह इंद्राबाल भवन, नुमाइश ग्राउंड से शुरू हुई शोभायात्रा को नूरपुर विधायक, साध्वी प्राची और युवा किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई राजमिलन बैंक्वेट हॉल पहुंची…जहां मुख्य समारोह आयोजित हुआ। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

मुख्य समारोह में कॉन्ट्रैक्ट कॉर्पोरेशन, विद्युत विभाग, लखनऊ के विपिन कुमार मुख्य अतिथि तथा भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में असिस्टेंट कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समिति के अध्यक्ष अजयपाल सिंह, महामंत्री संदीप कुमार और कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।

यह भी पढ़ें 👉  बच्चों के अधिकार व सुरक्षा पर कार्यशाला शुरू... कार्यशाला में न्यायाधीश व विशेषज्ञ कर रहे हैं प्रतिभाग

विचार गोष्ठी में नगीना विधायक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज पारस ने कहा कि संत कबीर साहेब के विचार समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को सही दिशा देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक समरसता और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

समिति के अध्यक्ष अजयपाल सिंह ने कहा कि भुइयार समाज सेल्फ केयर समिति लगातार समाज को शिक्षित, संगठित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से समिति की सदस्यता लेकर समाज हित के अभियान को मजबूत बनाने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें 👉  पंजाब के अमृतसर में महसूस किए गए भूकंप के झटके

महामंत्री संदीप कुमार ने कहा कि समिति जरूरतमंद परिवारों की सहायता, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक जागरूकता फैलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संत कबीर साहेब का संदेश आज भी समाज में समानता और भाईचारे की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी लोगों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही समाज को नई पहचान दिला सकता है और समिति इसी उद्देश्य के साथ लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, प्रशासन, पुलिस, मीडिया और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।