खटीमा (उत्तराखंड): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान बगुलिया स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और जनता को मिलने वाले लाभों की समीक्षा की।
इस दौरान ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत संचालित “दीदी कैफे” का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है…जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। राज्य में लागू UCC और नकल विरोधी कानून को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया।
