ख़बर शेयर करें -

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ता ट्रैफिक एक बार फिर चिंता का कारण बन गया। शुक्रवार को शहर के स्प्रिंग रोड क्षेत्र में एक गंभीर मरीज को लेकर देहरादून जा रही एम्बुलेंस भीषण जाम में फंस गई। एम्बुलेंस का सायरन लगातार बजता रहा…लेकिन सड़क पर वाहनों की लंबी कतार और संकरी सड़क के कारण उसे आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिल पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मरीज की हालत गंभीर थी और उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए देहरादून ले जाना जरूरी था। एम्बुलेंस के जाम में फंसने से मरीज के परिजनों की चिंता बढ़ गई। आसपास मौजूद लोगों ने भी एम्बुलेंस को रास्ता दिलाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैफिक का दबाव इतना अधिक था कि स्थिति संभालना मुश्किल हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल टाइम्स :: लोक संस्कृति कला एवं विज्ञान शोध समिति द्वारा नेहरू युवा केंद्र अल्मोड़ा के सहयोग से ऐडम्स इंटर कॉलेज में युवा संवाद परिचर्चा का किया आयोजन

हालात गंभीर होते देख प्रशासन और स्थानीय लोगों ने वैकल्पिक मार्ग तलाशना शुरू किया। इसी दौरान आईटीबीपी अधिकारियों से संपर्क किया गया। मरीज की स्थिति को देखते हुए आईटीबीपी ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने परिसर से एम्बुलेंस को निकालने की अनुमति दी। इसके बाद एम्बुलेंस को विशेष मार्ग से गैजमेंट क्षेत्र होते हुए देहरादून रवाना किया गया।

इस घटना ने मसूरी की ट्रैफिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्प्रिंग रोड समेत कई इलाकों में सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और बढ़ते वाहनों का दबाव अक्सर जाम की स्थिति पैदा करता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल टाइम्स :: शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष कॉरिडोर बनाया जाए और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए। पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ के बीच यह घटना एक चेतावनी की तरह सामने आई है कि ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर ठोस कदम उठाना अब बेहद जरूरी हो गया है।