ख़बर शेयर करें -

देहरादून। देश के दिग्गज निशानेबाज, पद्मश्री सम्मानित खिलाड़ी और प्रसिद्ध कोच जसपाल राणा का पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम देहरादून स्थित उनके आवास पहुंचा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम लोग पहुंचे। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी जसपाल राणा के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  शर्मनाक घटना! दिव्यांग युवक को सड़क पर गिराकर पीटा, वायरल वीडियो ने खोली दबंगों की करतूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने अपने शानदार खेल करियर और उपलब्धियों से उत्तराखंड और देश को नई पहचान दिलाई। एक खिलाड़ी और कोच के रूप में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जसपाल राणा के निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर है। उनके घर पर सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। कई खिलाड़ियों, खेल संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़ें 👉  तंत्र-मंत्र के नाम पर 65 तोला सोना ठगने वाला बाबा गिरफ्तार

जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। बाद में कोच के रूप में भी उन्होंने भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

शनिवार को पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से उत्तराखंड ने अपना एक गौरवशाली खिलाड़ी और देश ने खेल जगत का एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व खो दिया है।